फ्लाईओवर की रेलिंग तोड़कर सर्विस लेन पर पलटी बस,मची चीखों पुकार व अफरा तफरी
हादसे का कारण ड्राइवर को नींद की झपकी आना बताया जा रहा है
एलपीयू के छात्र समेत 3 की मौत और कई घायल
पंजाब / नवांशहर - बिग बॉस इण्डिया टूडे न्यूज
पंजाब के नवांशहर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो जाने की खबर.है। बताया जा रहा है कि बंगा के पास गांव मजारी में एक प्राइवेट बस बेकाबू होकर फ्लाईओवर की रेलिंग तोड़ते हुए सर्विस रोड पर पलट गई। हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई, ऐसा बताया जा रहा है जबकि कई यात्री घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसा सुबह करीब 5 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि बस मनाली से अमृतसर जा रही थी और इसमें करीब 25 यात्री सवार थे। इनमें लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के कुछ छात्र भी शामिल थे।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, बंगा ओवरब्रिज से उतरते समय चालक को नींद की झपकी आ गई, जिसके कारण बस अनियंत्रित हो गई। बस ने फ्लाईओवर की रेलिंग को तोड़ दिया और नीचे सर्विस रोड पर जाकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
पुलिस की शुरुआती जानकारी के मुताबिक हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है। मृतकों में एक महिला, बस चालक और लवली का एक छात्र शामिल बताए जा रहे हैं।
हालांकि, पुलिस की ओर से सभी मृतकों की पहचान की आधिकारिक जानकारी अभी जुटाई जा रही है। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में रखवा दिए हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही बंगा पुलिस और राहत-बचाव टीमें मौके पर पहुंचीं। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
मौके पर डीएसपी समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी पहुंचे और हादसे की जांच शुरू कर दी। पुलिस बस में सवार सभी यात्रियों की जानकारी जुटा रही है।
प्रत्यक्षदर्शी सतनाम सिंह व तरसेम लाल ने बताया कि बस पलटने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने राहत कार्य में मदद की। इसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
जांच अधिकारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में ड्राइवर को नींद की झपकी आने की बात सामने आई है। हालांकि, हादसे की पूरी वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस बस में सवार यात्रियों, मृतकों और घायलों की पूरी जानकारी जुटा रही है। हादसे को लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।