अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस की मिली बड़ी सफलता
नशे और अवैध हथियारों की तस्करी से जुड़े तीन नेटवर्क का भंडाफोड़, 5 आरोपी गिरफ्तार
अमृतसर - बी बी आई टी न्यूज
कमिश्नरेट पुलिस ने नशे और अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 9 अवैध पिस्तौल और 6.311 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई है। प्रारंभिक जांच में आरोपियों के विदेशों में बैठे कथित हैंडलरों के संपर्क में होने की बात सामने आई है। पुलिस इस पहलू की भी गहनता से जांच कर रही है।
मामले में थाना कैंटोनमेंट और थाना छेहरटा में कुल तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि हथियारों और नशे की खेप के स्रोत तथा इसके आगे के नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। विदेशी हैंडलरों तथा स्थानीय स्तर पर सक्रिय तस्करी नेटवर्क के बीच संबंधों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां एवं बरामदगी होने की संभावना है। नशे और अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।