राजस्थान प्रशासनिक विभाग की बहुत बड़ी चूक
मृत महिला पटवारी उगंती प्रजापत का कर दिया तबादला
करौली (राजस्थान) :- बिग बॉस इण्डिया टूडे न्यूज
राजस्थान में हाल ही में राजस्व विभाग ने पटवारियों की तबादला सूची जारी की थी। इस सूची में एक ऐसी प्रशासनिक चूक सामने आई है, जिसने विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बता दें कि 10 जुलाई को 924 पटवारियों की तबादला सूची जारी की थी। सूची में उस महिला पटवारी उगंती प्रजापत का नाम भी शामिल कर दिया गया, जिनका 10 दिन पहले निधन हो चुका है। पटवारियों की तबादला सूची में मृतक पटवारी उगंती प्रजापत का नाम दर्ज होने की विभाग की यह चूक अब प्रशासनिक और सोशल मीडिया हलकों में चर्चा का विषय बन गई है।
जानकारी के अनुसार, टोडाभीम क्षेत्र के भनकपुरा हल्के में कार्यरत पटवारी उगंती प्रजापत का 30 जून को निधन हो गया था। बताया जा रहा है कि उनके निधन की जानकारी विभागीय अधिकारियों और स्थानीय प्रशासन को भी थी। इसके बावजूद राजस्व विभाग ने 10 जुलाई को जारी पटवारी स्थानांतरण सूची में उनका नाम शामिल करते हुए उन्हें टोडाभीम से उनके गृह जिले अलवर स्थानांतरित करने के आदेश जारी कर दिए। इसके बाद यह मामला पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गया।