कौमी इंसाफ मोर्चा के पंजाब बंद आह्वान को लेकर नगर-निगम जालन्धर यूनियनों का समर्थन
जालंधर - एस एन एन
कौमी इंसाफ मोर्चा पंजाब की ओर से 21 अगस्त को बंदी सिखों की रिहाई की मांग को लेकर पंजाब बंद का आह्वान किया गया है ताकि सरकार पर दवाब बना कर उन बंदी सिखों को तुरंत रिहा करवाया जा सके जो अपनी सजा को पूरा कर चुके है। जालंधर नगर निगम की संयुक्त यूनियनों ने कौमी इंसाफ मोर्चा के पंजाब बंद आह्वान का समर्थन देने का ऐलान किया है।
नगर निगम यूनियनों की एक बैठक सफाई मजदूर फेडरेशन पंजाब के जनरल सेक्रेटरी सन्नी सहोता की अध्यक्षता में नगर निगम यूनियन कार्यालय में हुई। बैठक में बंदी सिखों की रिहाई के मुद्दे पर चर्चा की गई। यूनियन नेताओं ने कहा कि जो सिख बंदी अपनी कानूनी सजा पूरी कर चुके हैं, उन्हें सरकार को रिहा करना चाहिए।
बैठक को संबोधित करते हुए सन्नी सहोता ने कहा कि कौमी इंसाफ मोर्चा पंजाब लंबे समय से जेलों में बंद उन सिख कैदियों की रिहाई के लिए संघर्ष कर रहा है, जिन्होंने अपनी सजा पूरी कर ली है। उन्होंने कहा कि 21 अगस्त को पंजाब बंद की कौमी इंसाफ मोर्चा की कॉल का जालंधर नगर निगम की सभी यूनियनें समर्थन करती हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम कर्मचारी इस मुद्दे पर मोर्चे के साथ खड़े हैं।
सन्नी सहोता ने यह भी स्पष्ट किया कि नगर निगम कर्मचारियों की अपनी लंबित मांगों को लेकर चल रही हड़ताल सोमवार से लगातार जारी रहेगी। यूनियन नेताओं ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों का समाधान होने तक उनका संघर्ष जारी रहेग। बैठक में सेंट्री सुपरवाइजर यूनियन के प्रधान सन्नी सेठी, निगम सफाई मजदूर यूनियन के प्रधान गौरव गिल, म्युनिसिपल कर्मचारी संघ पंजाब के प्रधान विनोद सहोता, ड्राइवर एंड जेसीबी ऑपरेटर यूनियन के प्रधान अनिल सभरवाल, सीवरमैन कर्मचारी यूनियन के पवन बाबा और प्रधान राजू छोटा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा वाटर सप्लाई रिकवरी स्टाफ के प्रधान हरजीत बॉबी, सैनिटरी इंस्पेक्टर एसोसिएशन के प्रधान विक्रांत सिद्धू, कर्मचारी तालमेल कमेटी के चेयरमैन पवन अग्निहोत्री, नगर निगम लेबर एंड टेक्निकल कर्मचारी यूनियन के प्रधान सोम नाथ मैहतपुरी, क्लेरिकल स्टाफ यूनियन के प्रधान विक्की सहोता, वाटर सप्लाई एंड टेक्निकल कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष गुरबिंदर सिंह, फिटर कूली कर्मचारी यूनियन के प्रधान गुरप्रीत गोपी और फायर ब्रिगेड कर्मचारी यूनियन के प्रधान बबलू सोंधी भी शामिल हुए।
बैठक में अन्य कर्मचारी नेताओं और यूनियन सदस्यों ने भी हिस्सा लिया। नगर निगम यूनियनों के इस समर्थन के बाद 21 अगस्त के पंजाब बंद को लेकर जालंधर में गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।