जालंधर नगर निगम हाउस की बैठक 25 अगस्त को
शहर के विकास के लिए नगर-निगम जालंधर में चार संयुक्त कमिश्नर लगाने की हो रही है तैयारी
जालन्धर - एस एन एन
पंजाब में 2027 में होने जा रहे विधानसभा चुनावों को लेकर पंजाब सरकार कोई भी कसर छोड़ना नहीं चाहती और खासतौर पर शहरी वोट को अपने पक्ष में कर दुबारा आम आदमी पार्टी सरकार बनाना चाहती है।
नगर-निगम जालंधर हाउस की मीटिंग 25 अगस्त को बुलाई गई है। मेयर विनीत धीर ने शहर के विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए सड़क, सीवरेज, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और पार्कों से जुड़े कामों को मजबूत करने की तैयारी की है। बैठक में शहर के विकास और नगर निगम की व्यवस्थाओं को लेकर कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा होने की संभावना है। मेयर विनीत धीर नार्थ हल्का इंचार्ज बनने के बाद अब पहले से अधिक सक्रिय हो चुके है। उधर मेयर धीर के नार्थ विधानसभा से चुनाव मैदान में उतरने की संभावना जताई जा रही है।
उधर शहर में विकास कार्यो को गति प्रदान करने के उद्देश्य से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक संयुक्त कमिश्नर लगाने की तैयारी है ताकि उनकी जवाबदेही तय हो सके।
फिलहाल जालंधर नगर निगम में ज्वाइंट कमिश्नर के दो पद हैं। अब इनकी संख्या बढ़ाकर चार करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इससे शहर के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों की निगरानी और प्रशासनिक कामकाज को अधिक प्रभावी तरीके से संचालित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
मेयर वनीत धीर की ओर से शहर की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। प्रस्ताव में सड़कों की स्थिति सुधारने, सीवरेज व्यवस्था मजबूत करने, पेयजल सुविधाओं को बेहतर बनाने, स्ट्रीट लाइट और पार्कों के विकास को प्राथमिकता दी गई है।
25 अगस्त को होने वाली नगर निगम हाउस की बैठक में इन प्रस्तावों पर चर्चा के साथ आगे की कार्ययोजना तय की जा सकती है। जालंधर शहर में लगातार बढ़ रही विकास कार्यों की जरूरत को देखते हुए नगर निगम की यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है।