Tuesday, 7 July 2026
24 घंटे के भीतर दूसरी हत्या से मौलीजागरां में दहशत  15 वर्षीय किशोर की तेजधार हथियार से हत्या

24 घंटे के भीतर दूसरी हत्या से मौलीजागरां में दहशत 15 वर्षीय किशोर की तेजधार हथियार से हत्या

24 घंटे के भीतर दूसरी हत्या से मौलीजागरां में दहशत

15 वर्षीय किशोर की तेजधार हथियार से हत्या

चंडीगढ़ - बी बी आई टी न्यूज 

मौलीजागरां क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर दूसरी हत्या की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। सुंदर नगर पार्क में 15 वर्षीय किशोर की तेजधार हथियार (पंच) से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

मृतक की पहचान 15 वर्षीय अमित, निवासी मौलीजागरां पार्ट-2, सुंदर नगर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पार्क में किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद तीन युवकों ने अमित पर हमला कर दिया। आरोपियों ने उसके कान के पीछे तेजधार हथियार से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही मौलीजागरां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अमित को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।

पुलिस के अनुसार हत्या के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश और आपसी विवाद सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। अधिकारियों ने दावा किया है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

गौरतलब है कि इससे पहले भी फौजी पार्क क्षेत्र में 26 वर्षीय आशीष की भी चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। लगातार 24 घंटे के भीतर हुई दो हत्या की घटनाओं ने मौलीजागरां क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Published on: 07 Jul 2026

Author Info

Ramesh Mahendru
editor@bigbossindiatoday.com
9592029111