Thursday, 9 July 2026
पुलिस मुठभेड़ में शूटर गिरफ्तार, पैर में लगी गोली  पुलिस को कई केसों में वांटेड था आरोपी

पुलिस मुठभेड़ में शूटर गिरफ्तार, पैर में लगी गोली पुलिस को कई केसों में वांटेड था आरोपी

पुलिस मुठभेड़ में शूटर गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

पुलिस को कई केसों में वांटेड था आरोपी

जालंधर - बिग बॉस इण्डिया टूडे न्यूज 

पंजाब के जिला जालंधर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ होने की खबर है। जालंधर के 66 फीट रोड स्थित सी.टी. इंस्टीट्यूट के पास सी.आई.ए. स्टाफ और एक शूटर के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से दो हथियार भी बरामद किए हैं।

पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह के अनुसार, पुलिस को आरोपी की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर सीआईए स्टाफ ने नाकाबंदी की।

जालंधर पुलिस ने वरदान अस्पताल पर फायरिंग करने वाले मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान शाहकोट निवासी जोध सिंह उर्फ जोधा के रूप में हुई है, जो गैंगस्टर लक्की पटियाल गैंग से जुड़ा बताया जा रहा है।

पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया तो वह बाइक लेकर भागने लगा। कुछ दूरी पर उसकी बाइक फिसल गई, जिसके बाद उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा के तहत गोली चलाई, जिससे आरोपी घायल हो गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जोध सिंह वही आरोपी है जिसने करीब दो-तीन महीने पहले जालंधर के वरदान अस्पताल के बाहर फायरिंग की थी। पुलिस का कहना है कि उसके पास से बरामद हेलमेट और हथियार का मिलान सीसीटीवी फुटेज से किया गया, जिससे उसकी पहचान की पुष्टि हुई।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी मोगा और मोहाली समेत पंजाब के अन्य जिलों में भी कई मामलों में वांटेड है और संगठित अपराध से जुड़ा रहा है। जांच में यह भी सामने आया है कि वह विदेश में बैठे गैंगस्टर लक्की पटियाल के निर्देश पर वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस अब उसके अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।

गौरतलब है कि 28 फरवरी की रात मोता सिंह नगर स्थित वरदान अस्पताल के मुख्य गेट पर एक हेलमेट पहने बदमाश ने कुछ ही सेकेंड में कई राउंड फायरिंग की थी। गोलियां अस्पताल के गेट को चीरते हुए अंदर तक पहुंच गई थीं। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था। फायरिंग के समय अस्पताल में स्टाफ मौजूद था, जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी।

Published on: 09 Jul 2026

Author Info

Ramesh Mahendru
editor@bigbossindiatoday.com
9592029111