न्यूयॉर्क में भारतीय मूल की छात्रा रिद्धि चौहान बनीं बटालियन कमांडिंग ऑफिसर
न्यूयॉर्क/ नई दिल्ली - बिग बॉस इण्डिया टूडे न्यूज
भारतीय मूल की 17 वर्षीय छात्रा रिद्धि चौहान ने अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित बेंजामिन एन. कार्डोजो हाई स्कूल में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए नेवी जूनियर रिजर्व ऑफिसर्स ट्रेनिंग कॉर्प्स यूनिट की बटालियन कमांडिंग ऑफिसर बनने का गौरव प्राप्त किया है।
रिद्धि को इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में सर्वोच्च छात्र रैंक प्राप्त हुई है। वह वर्तमान में लगभग 300 कैडेटों के दल का नेतृत्व कर रही हैं। यह उपलब्धि उनकी नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और समर्पण का प्रमाण मानी जा रही है।
रिद्धि सप्ताह में चार दिन सुबह स्कूल समय से पहले पहुंचकर ड्रिल का अभ्यास करती हैं। NJROTC एक नेतृत्व विकास कार्यक्रम है, जिसे अमेरिकी नौसेना का सहयोग प्राप्त है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में चरित्र निर्माण, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीमवर्क की भावना विकसित करना है।
रिद्धि चौहान का कहना है कि उन्होंने अपनी नेतृत्व क्षमता को बेहतर बनाने और विद्यालय में सकारात्मक योगदान देने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम में भाग लिया था। इसी अनुभव ने उन्हें भविष्य में नेवल ऑफिसर बनने के लिए प्रेरित किया।
अब रिद्धि नेवल अकादमी प्रिपरेटरी स्कूल में प्रवेश की तैयारी कर रही हैं, जो आगे चलकर यूएस नेवल अकादमी तक पहुंचने का महत्वपूर्ण पड़ाव माना जाता है।
रिद्धि चौहान, रुचिका और दिलीप चौहान की पुत्री हैं। उनका परिवार मूल रूप से राजस्थान के जयपुर का रहने वाला है। उनकी इस उपलब्धि से भारतीय समुदाय के साथ-साथ पूरे देश में गर्व और खुशी का माहौल है।