तरनतारन के नौरंगाबाद में हथियारबंद लुटेरों का आतंक परिवार को बंधक बनाकर लाखों की नकदी, सोना व बुलेट बाइक लूटी
डीएसपी हरिंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे, पीड़ित परिवार के बयानों पर केस दर्ज, जांच शुरू
तरनतारन :- बिग बॉस इण्डिया टूडे ब्यूरो
पंजाब के तरनतारन जिले के गांव नौरंगाबाद में रात के समय हथियारबंद तीन लुटेरों ने एक परिवार को बंधक बनाकर बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने महिला और उसके बच्चों को कमरे में बंद कर घर में रखे लाखों रुपये के सोने के आभूषण, नकदी, मोबाइल फोन, गैस सिलेंडर तथा बुलेट मोटरसाइकिल सहित अन्य सामान लूट लिया। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता बलजिंदर कौर के अनुसार रात करीब ढाई बजे वह शौचालय जाने के लिए उठीं। जैसे ही उन्होंने टॉयलेट की लाइट जलाई, वहां पहले से छिपे तीन युवक सामने आ गए। महिला के शोर मचाने से पहले ही एक आरोपी ने पिस्तौल मुंह में डालकर आवाज बंद कर दी और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। तीनों में से एक के पास पिस्तौल और दो के पास लोहे की रॉड थीं।
महिला ने बताया कि हलचल सुनकर उनकी बेटी अमोलदीप कौर भी बाहर आ गई, जिसे बदमाशों ने बंधक बना लिया। इसके बाद पांच वर्षीय बेटे को भी मां और बहन के साथ बांध दिया गया तथा तीनों को एक कमरे में बंद कर दिया गया। इस दौरान दो आरोपी घर में लूटपाट करते रहे, जबकि तीसरा परिवार पर नजर रखता रहा।
पीड़िता के अनुसार, बदमाशों को पहले से जानकारी थी कि घर में सोने के आभूषण और नकदी मौजूद है। उन्होंने पूरे घर की तलाशी ली और करीब 20 लाख रुपये के सोने के आभूषण, लगभग 4 लाख रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन, गैस सिलेंडर, बुलेट मोटरसाइकिल सहित अन्य सामान लूट लिया। इतना ही नहीं, माथा टेकने के लिए रखे 2 हजार रुपये भी नहीं छोड़े। जाते समय आरोपी घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए, ताकि कोई फुटेज पुलिस के हाथ न लग सके।
घटना के बाद छोटे बच्चे ने किसी तरह अपने हाथ खोले, जिसके बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सब-डिवीजन श्री गोइंदवाल साहिब के डीएसपी हरिंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पीड़ित परिवार के बयान दर्ज कर घटनास्थल का निरीक्षण किया और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी हैं। साथ ही नौरंगाबाद और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि लुटेरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।