सूर्या एंक्लेव ललित मित्तल 72 लाख रुपए डकैती मामला
पुलिस कमीश्नर सतिन्द्र सिंह ने किया खुलासा
पुलिस कमिशरेट जालन्धर की बड़ी सफलता,24 घण्टे में किये आरोपी ट्रैक
मुख्य आरोपी सन्नी खोसला सहित 6 आरोपी गिरफ्तार
ललित मित्तल को पुलिस ने 72 लाख रुपए वापिस लौटाए
जालन्धर - रमेश महेन्द्रू
जालन्धर के सूर्य एंक्लेव में कारोबारी ललित से हुई 72 लाख रुपये की लूट के मामले को पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। वारदात के करीब पांच दिन बाद पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी सन्नी खौंसला समेत कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कथित तौर पर लूटे गए 72 लाख रुपये, 2 कारे और 2 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसकी जानकारी पुलिस कमीश्नर सतिन्द्र सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।
पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस ने वारदात को 24 घंटे से भी कम समय में ट्रैक कर लिया था। इसके बाद जांच को आगे बढ़ाते हुए आरोपियों की पहचान की गई और उन्हें गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मिली अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास निवासी गुरु नानक कॉलोनी, गुरदासपुर, हरदीप उर्फ दीपू निवासी गांव बडाला, कपूरथला, साहिल निवासी बटाला, गुरदासपुर, राजवीर गिल निवासी मकसूदां, रणजीत सिंह निवासी बटाला और सन्नी खौंसला निवासी अमरदास नगर के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। पूछताछ के दौरान वारदात की पूरी साजिश और आरोपियों के बीच पैसे के बंटवारे से जुड़ी जानकारी सामने आई।
जानकारी अनुसार वारदात के बाद पुलिस की गिरफ्त से बचने की कोशिश में आरोपी कथित तौर पर हादसे का शिकार भी हुए। पुलिस के मुताबिक, भागने के दौरान हुए हादसे में कुछ आरोपियों की टांगों में चोट आई और उनके फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड है। पुलिस के अनुसार, विकास के खिलाफ पहले से 6 मामले दर्ज हैं। इसके अलावा हरदीप, साहिल और राजवीर के खिलाफ भी पहले से मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस अब इन आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और वर्तमान वारदात के बीच किसी संबंध की भी जांच कर रही है।
इस मामले में पुलिस की कार्रवाई का सबसे बड़ा हिस्सा लूटी गई रकम की बरामदगी रही। पुलिस कमिश्नर ने कारोबारी ललित को बरामद किए गए 72 लाख रुपये वापस किए।
पुलिस कमीश्नर ने बताया कि डकैती की घटना के तुरंत बाद तेजी से की गई जांच, सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले को ट्रैक किया गया। फिलहाल सभी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस साजिश में इनके अलावा कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।