संघ शिक्षा वर्ग के शिक्षार्थियों का भव्य पथ संचलन
कठुआ (हीरानगर) - बी बी आई टी न्यूज
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, जम्मू-कश्मीर प्रांत द्वारा आयोजित 15 दिवसीय संघ शिक्षा वर्ग – सामान्य का आयोजन साँई इंटरनेशनल स्कूल में चल रहा था। वर्ग के कार्यक्रमों की श्रृंखला में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे शिक्षार्थियों का भव्य पथ संचलन निकाला गया।
पथ संचलन का शुभारंभ हीरानगर स्थित समाधि स्थल से हुआ। संचलन निर्धारित मार्ग से होते हुए स्टेडियम पुल, सुभाष चौक, हीरानगर मुख्य बाजार तथा दीप चौक से होकर पुनः समाधि स्थल पहुंचाकर समापन हुआ।
संचलन के अग्रभाग में घोष दल चल रहा था। घोष की मधुर एवं प्रेरणादायी धुनों के साथ स्वयंसेवकों ने कदम से कदम मिलाकर अनुशासित ढंग से संचलन किया। घोष की गूंज से पूरे नगर में उत्साह एवं राष्ट्रभक्ति का वातावरण निर्मित हो गया।
पथ संचलन प्रारंभ होने से पूर्व जम्मू-कश्मीर प्रांत के प्रांत प्रचारक मुकेश जी ने समाधि स्थल के ऐतिहासिक महत्व एवं उससे जुड़ी प्रेरणादायी घटनाओं की जानकारी स्वयंसेवकों को दी। उन्होंने कहा कि इतिहास के गौरवपूर्ण प्रसंग समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को सुदृढ़ करते हैं।
इस पथ संचलन में जम्मू-कश्मीर के विभिन्न जिलों से आए वर्ग के शिक्षार्थियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह आलोक जी, सर्वाधिकारी कुलदीप जी, वर्ग कार्यवाह सुदेश जी, वर्ग पालक अक्षय जी, विभाग प्रचारक अनुराग जी सहित सैकड़ों स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
पथ संचलन के माध्यम से स्वयंसेवकों ने समाज के समक्ष संगठन, अनुशासन, राष्ट्रभक्ति एवं सेवा के संस्कारों का परिचय प्रस्तुत किया। नगरवासियों ने भी उत्साहपूर्वक संचलन का स्वागत कर अपना सहयोग एवं स्नेह व्यक्त किया।