राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की बड़ी कामयाबी
सहायक उप निरीक्षक हरदेव राम को 40,000 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों किया गिरफ्तार
जयपुर/जोधपुर :- बिग बॉस इण्डिया टूडे न्यूज
राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस कमिश्नरेट जोधपुर के शास्त्री नगर थाने में तैनात सहायक उप निरीक्षक हरदेव राम को 40,000 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। एसीबी मुख्यालय के महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता के अनुसार, एक परिवादिया ने एसीबी की स्पेशल यूनिट जोधपुर चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत के मुताबिक, परिवादिया के पति के साथ मारपीट का एक मुकदमा शास्त्री नगर थाने में दर्ज था। वहीं, दूसरी पार्टी ने भी परिवादिया के पति और अन्य के खिलाफ क्रॉस मुकदमा दर्ज करवा रखा था। इन दोनों ही मामलों की जांच एएसआई हरदेव राम कर रहे थे।
आरोपी एएसआई हरदेवराम ने परिवादिया के पति के खिलाफ दर्ज मुकदमे में मदद करने और उनके साथ मौजूद व्यक्ति (सुंडाराम) का नाम केस से हटाने के एवज में "खर्चा-पानी" मांगा था। इसके लिए परिवादिया ने पहले ही आरोपी को 5,000 रुपए दे दिए थे।
इसके बाद आरोपी ने सुंडाराम को थाने बुलाकर मामले को रफा-दफा करने और सुंडाराम सहित दो अन्य लोगों का नाम निकालने के लिए सीआई (थानाधिकारी) के नाम पर 50,000 रुपए की और मांग की। लगातार मिल रही धमकियों और परेशानी से तंग आकर परिवादिया ने इसकी शिकायत एसीबी से की।
शिकायत का सत्यापन होने के बाद, एसीबी जोधपुर रेंज के उप महानिरीक्षक नारायण टोगस के सुपरविजन और स्पेशल यूनिट के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश चौधरी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। निरीक्षक पुलिस उमेश कुमार विश्नोई और उनकी टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी एएसआई हरदेव राम रिश्वत की रकम लेने परिवादिया के निवास पर पहुंचा और 40,000 रुपए लेकर अपनी पैंट की जेब में रखे, एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया।