Monday, 13 July 2026
पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की राजघाट पर समाधि निर्माण को केंद्र सरकार की मंजूरी

पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की राजघाट पर समाधि निर्माण को केंद्र सरकार की मंजूरी

पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की राजघाट पर समाधि निर्माण को केंद्र सरकार की मंजूरी

नई दिल्ली - बिग बॉस इण्डिया टूडे न्यूज 

केंद्र सरकार ने भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं भारत रत्न प्रणब मुखर्जी की स्मृति में राजघाट परिसर स्थित राष्ट्रीय स्मृति स्थल पर उनकी समाधि के निर्माण को मंजूरी प्रदान कर दी है। इसके साथ ही समाधि निर्माण की औपचारिक प्रक्रिया शुरू हो गई है।

जानकारी के अनुसार, वर्ष 2026 में दिल्ली शहरी कला आयोग द्वारा स्मारक के डिज़ाइन में कुछ आवश्यक संशोधन सुझाए गए थे। इन सुझावों के आधार पर केंद्रीय लोक निर्माण विभाग ने संशोधित प्रारंभिक प्रस्ताव आयोग को सौंप दिया है। अब अंतिम स्वीकृति और बजट आवंटन के बाद निर्माण कार्य आगे बढ़ाया जाएगा।

प्रणब मुखर्जी का 31 अगस्त 2020 को 84 वर्ष की आयु में नई दिल्ली में निधन हो गया था। उनकी समाधि राजघाट परिसर के राष्ट्रीय स्मृति स्थल में बनाई जाएगी, जहां देश के पूर्व राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्रियों सहित अन्य राष्ट्रीय नेताओं के स्मारक स्थापित हैं।

प्रणब मुखर्जी पश्चिम बंगाल से जुड़े पहले ऐसे राष्ट्रीय नेता होंगे, जिनकी समाधि राजघाट परिसर में बनाई जाएगी। इससे पहले केंद्र सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री पी. वी. नरसिम्हा राव और अटल बिहारी वाजपेयी के स्मारकों का निर्माण भी कराया था।

उल्लेखनीय है कि राजघाट और उससे जुड़े स्मारकों का परिसर लगभग 245 एकड़ में फैला हुआ है। इसकी शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि से हुई थी। वर्तमान में यहां जवाहरलाल नेहरू, लाल बहादुर शास्त्री, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, चौधरी चरण सिंह, जगजीवन राम, ज्ञानी जैल सिंह, शंकर दयाल शर्मा सहित कई राष्ट्रीय नेताओं के स्मारक स्थित हैं।

केंद्र सरकार के इस निर्णय को पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के सार्वजनिक जीवन, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण में उनके दीर्घकालीन योगदान के प्रति सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।

Published on: 13 Jul 2026

Author Info

Ramesh Mahendru
editor@bigbossindiatoday.com
9592029111