जालंधर - एस एन एन
थाना लांबड़ा के अधीन आते कोटला गांव में लूट की नीयत से आए बदमाशों ने एक 24 वर्षीय प्रवासी मजदूर की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के दौरान बदमाशों ने मोबाइल फोन छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर उन्होंने तेजधार हथियार (दातर) से हमला कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हमले में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला और घटना की सूचना लोगों व पुलिस को दी।
मृतक मूल रूप से बिहार का रहने वाला बताया जा रहा है और मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।
घटना की सूचना मिलते ही थाना लांबड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बढ़ती लूट और आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।