आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने स्टेशन मास्टर से विवाद व मारपीट
आर पी एफ के दो ए एस आई सहित 4 कर्मी निलंबित
तीन सदस्यीय जांच कमेटो का गठन
आगरा कैंट :- बिग बॉस इण्डिया टूडे न्यूज
आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल के जवानों और स्टेशन मास्टर के बीच विवाद के बाद मारपीट हो गई। एक अधिकारी ने बताया कि इस मामले में आरपीएफ के 2 एएसआई सहित 4 कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है और जांच के लिए 3 सदस्यीय समिति गठित की गई है।
जानकारी के मुताबिक, हीराकुंड एक्सप्रेस पूर्वाह्न लगभग 11 बजे कैंट रेलवे स्टेशन पर पहुंची थी और वहां से रवाना होने के बाद थोड़ी दूर जाकर रुक गई, तभी आरपीएफ जवानों ने चेन पुलिंग के आरोप में एक महिला को पकड़ लिया। जानकारी के अनुसार स्टेशन पर मौजूद स्टेशन मास्टर नरेंद्र चाहर ने आरपीएफ जवानों से कहा कि महिला ने चेन पुलिंग नहीं की है, लिहाजा उसे छोड़ दिया जाए और इसी बात को लेकर कहासुनी बढ़ गई।
जिसके बाद आरपीएफ जवानों ने स्टेशन मास्टर की कथित तौर पर पिटाई कर दी। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद रेलवे कर्मचारी संगठनों ने कड़ा विरोध जताया।
अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में एएसआई मेघराज मीणा, एएसआई बालकिशन, कांस्टेबल जितेंद्र और कांस्टेबल बदन सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिवम शर्मा ने बताया कि आगरा में आरपीएफ और स्टेशन मास्टर के बीच हुई मारपीट के मामले में 3 सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जांच निष्पक्ष हो, इसके लिए आरपीएफ के आरोपी जवानों को निलंबित कर दिया गया है। जांच समिति को जल्द से जल्द रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद रेलवे अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।