Wednesday, 26 August 2026
आगरा की मीना कुशवाहा ने निभाया पत्नी धर्म  सात फेरों का निभाया वचन,खतरे में डाली अपनी जान

आगरा की मीना कुशवाहा ने निभाया पत्नी धर्म सात फेरों का निभाया वचन,खतरे में डाली अपनी जान

आगरा की मीना कुशवाहा ने निभाया पत्नी धर्म

सात फेरों का निभाया वचन,खतरे में डाली अपनी जान 

पति महेन्द्र कुशवाहा की दोनो किडनीयां थी खराब, डेढ साल से थे डायलिसिस पर

इनसे जुड़ी है मेरी जिन्दगी की डोर - मीना कुशवाहा

आगरा :- बिग बॉस इण्डिया टूडे न्यूज

मीना कुशवाहा ने अपनी किडनी दान कर पति महेंद्र कुशवाहा को नया जीवन दिया और शादी के वक्त सात फेरों के दौरान दिया वचन साकार कर दिखाया है। मीना के पति महेन्द्र डेढ साल से डायलिसिस पर थे और उनकी दोनों किडनियां खराब हो चुकी थीं।

एसएन मेडिकल कॉलेज में शुरू हुई किडनी ट्रांसप्लांट सेवा का लाभ लेते हुए महेंद्र का सफल ट्रांसप्लांट हुआ और वह इस सुविधा से ट्रांसप्लांट कराने वाले पहले मरीज बने।

सिकंदराराऊ निवासी मीना कुशवाहा (30) ने विवाह के दौरान फेरों के समय दिए इस वचन को पूरी तरह निभाया। पति की दोनों किडनी खराब होने पर इलाज के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी। जब किडनी ट्रांसप्लांट की बात आई तो सबसे आगे रहीं। उन्होंने किडनी देकर पति को नया जीवन दिया।

हाथरस के सिकंदराराऊ निवासी महेंद्र कुशवाहा (32) निजी स्कूल में पढ़ाते थे। डेढ़ साल पहले दोनों किडनी खराब होने की जानकारी मिली। वे लगातार डायलिसिस करा रहे थे। शरीर कमजोर होता जा रहा था। डायलिसिस के लिए मीना खुद उन्हें लेकर एसएन मेडिकल कॉलेज आती थीं। तीन बच्चों की परवरिश के साथ घर भी संभालती रहीं। डॉक्टर ने किडनी ट्रांसप्लांट होने पर जान बचने की बात कही।

निजी अस्पतालों में खर्च अधिक होने के कारण ट्रांसप्लांट के लिए रुपयों का इंतजाम भी चुनौती बन गया। इसी बीच एसएन में किडनी ट्रांसप्लांट की सेवाएं शुरू होने की जानकारी मिली तो मीना ने पति को दिखाकर पंजीकरण कराया और अपनी किडनी देने का फैसला किया। चिकित्सकीय जांच में मीना की रिपोर्ट भी ठीक आई। महेंद्र का सफल किडनी ट्रांसप्लांट हुआ। वह अभी आइसोलेट चैंबर में भर्ती हैं। किडनी रोग विभागाध्यक्ष डाॅ. अपूर्व जैन ने बताया कि मरीज की हालत बिल्कुल ठीक है। महेंद्र एसएन में किडनी ट्रांसप्लांट कराने वाले पहले मरीज भी बन गए।

मीना ने कहा कि पति की किडनी खराब होने की जानकारी मिलने पर मन बहुत विचलित था। हर वक्त यही सोचती थी कि इन्हें कैसे बचाया जाए। किडनी दान करने की बात आई तो सबसे पहले मैंने ही हामी भरी। जीवनसाथी है तो सबकुछ है। पति से बड़ा किडनी का मोल नहीं है। इनसे ही मेरी जिंदगी की डोर जुड़ी है।

Published on: 26 Aug 2026

Author Info

Ramesh Mahendru
editor@bigbossindiatoday.com
9592029111