‘सेवा संकल्प अभियान’ को पंजाब के कोने-कोने तक पहुंचाने के लिए पंजाब भाजपा की अहम बैठक
यूथ कनेक्ट’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को सामाजिक सेवा से जोड़ा जाएगा - ओ पी धनखड़
जालन्धर - रमेश महेन्द्रू
पंजाब भारतीय जनता पार्टी द्वारा ‘सेवा संकल्प अभियान’ को प्रदेश में जमीनी स्तर पर सफल बनाने के लिए प्रदेश और जिला पदाधिकारियों की एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने की, जबकि पंजाब भाजपा के नवनियुक्त प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया और वरिष्ठ नेता ओ.पी. धनखड़ ने विशेष रूप से शिरकत की।
इस अवसर पर केवल सिंह ढिल्लों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रही आर्थिक, सामाजिक और बुनियादी ढांचे की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की और कहा कि यह अभियान आम लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का एक प्रभावी माध्यम बनेगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को इस अभियान को पंजाब के कोने-कोने तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि भारत आज एक बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभर चुका है। हर क्षेत्र में भारत ने अपनी क्षमता का लोहा मनवाया है। यह सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सक्षम नेतृत्व के कारण संभव हुआ है।
इस अवसर पर ओ.पी. धनखड़ ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के प्रमुख उद्देश्यों और रूपरेखा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर (प्रधानमंत्री के जन्मदिन) से 17 अक्टूबर तक महीने भर चलने वाले इस अभियान में रक्तदान शिविर, नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता अभियान और पौधारोपण जैसी सामाजिक गतिविधियां शामिल होंगी।
‘यूथ कनेक्ट’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को सामाजिक सेवा से जोड़ा जाएगा। ब्लॉक और जिला स्तर पर शिविर लगाकर वंचित रह गए पात्र लोगों को कार्ड और सरकारी सुविधाएं मौके पर उपलब्ध कराई जाएंगी।
इस अवसर पर डॉ. सतीश पूनिया ने सभी जिला और प्रदेश पदाधिकारियों को रणनीतिक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन से की जाएगी और इसे हर बूथ स्तर तक पूरे उत्साह के साथ पहुंचाया जाएगा। उन्होंने सभी टीमों को समन्वय के साथ काम करने और जमीनी स्तर पर लोगों की समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रेरित किया।
इस बैठक के माध्यम से पंजाब भाजपा ने आगामी एक महीने के सामाजिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों के लिए अपनी पूरी टीम को पूरी ऊर्जा के साथ मैदान में उतारने की रणनीति तैयार की है।