Saturday, 5 September 2026
यूनिवर्सिटी कॉलेज में ‘जश्न-ए-आगाज़’ ने बांधा रंग

यूनिवर्सिटी कॉलेज में ‘जश्न-ए-आगाज़’ ने बांधा रंग

किसी भी शिक्षण संस्थान की दीवारें केवल ईंटों से नहीं बनतीं, बल्कि इनमें विद्यार्थियों के सपने, उम्मीदें और भविष्य की कहानियां सांस लेती हैं - डा॰ नवजोत 

नई पीढ़ी के सपनों को मिली उड़ान

जालंधर - एस एन एन 

किसी भी शिक्षण संस्थान की दीवारें केवल ईंटों से नहीं बनतीं, बल्कि इनमें विद्यार्थियों के सपने, उम्मीदें और भविष्य की कहानियां सांस लेती हैं। गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी कॉलेज में नए विद्यार्थियों के स्वागत के लिए आयोजित फ्रेशर्स पार्टी ‘जश्न-ए-आगाज़’ भी कुछ ऐसे ही सपनों की रंगीन शुरुआत बनी।

कॉलेज के ओ.एस.डी. प्रो. (डॉ.) नवजोत के नेतृत्व और कुशल देखरेख में आयोजित इस समारोह में नए विद्यार्थियों का उत्साह, कला और आत्मविश्वास देखने को मिला। समारोह ने कॉलेज परिसर को संगीत, नृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और युवाओं की ऊर्जा से सराबोर कर दिया।

‘जश्न-ए-आगाज़’ के दौरान विद्यार्थियों ने संगीत, नृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विभिन्न टैलेंट गतिविधियों के माध्यम से अपनी कला का प्रदर्शन किया। नए दाखिल हुए विद्यार्थियों ने पूरे जोश के साथ भाग लेते हुए यह साबित किया कि नई पीढ़ी के पास केवल सपने ही नहीं, बल्कि उन्हें हकीकत में बदलने का साहस भी है।

इस अवसर पर मैनेजमेंट की छात्रा कनिका को ‘मिस फ्रेशर’ और बी.कॉम. के विद्यार्थी गगनदीप सिंह को ‘मिस्टर फ्रेशर’ चुना गया। विजेता विद्यार्थियों का दर्शकों ने जोरदार तालियों के साथ स्वागत किया।

मुख्य अतिथि श्री जी. एस. राजा ने नए विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि कॉलेज जीवन केवल डिग्री हासिल करने का समय नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, कौशल विकास और अपने सपनों को दिशा देने का महत्वपूर्ण चरण है। 

इस अवसर पर प्रो. (डॉ.) नवजोत ने नए विद्यार्थियों का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए कहा कि कॉलेज परिवार में शामिल होना उनके लिए एक नए सफर की शुरुआत है। उन्होंने विद्यार्थियों को अकादमिक ज्ञान के साथ-साथ नेतृत्व क्षमता, संचार-कला, रचनात्मकता, टीम वर्क और आत्मविश्वास जैसे गुण विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

डॉ. नवजोत ने कहा कि एक अच्छा विद्यार्थी केवल किताबों से ज्ञान प्राप्त करने वाला नहीं होता, बल्कि वह अपने आसपास की दुनिया को समझने, सवाल करने, नया सृजन करने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को पहचानने वाला भी होता है। उन्होंने युवाओं से अपनी आंतरिक प्रतिभा को पहचानकर उसे सही दिशा देने का आह्वान किया।

जश्न-ए-आगाज़’ वास्तव में केवल फ्रेशर्स पार्टी नहीं थी, बल्कि नई उम्मीदों, नए सपनों और नई मंजिलों की ओर बढ़ते कदमों का वह खूबसूरत पल था, जहां कॉलेज के नए विद्यार्थियों ने अपने भविष्य की कहानी का पहला पन्ना खुशी और आत्मविश्वास के साथ लिखा।

Published on: 05 Sep 2026

Author Info

Ramesh Mahendru
editor@bigbossindiatoday.com
9592029111