प्रेम विवाह का खौफनाक अंत
दूध में नींद की ढेरों गोलियां और फिर कंबल में जहरीला सांप
अपने ही ड्राईवर से प्रेम संबंध और 20 लाख की बीमा राशि
उत्तर प्रदेश (मेरठ) :- बिग बॉस इण्डिया टूडे न्यूज
मेरठ जिले के हस्तिनापुर में एक युवक की सांप के डसने से हुई मौत के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जिसे पहले एक हादसा समझा जा रहा था, लेकिन असलियत में बेहद शातिराना तरीके से की गई हत्या निकली। मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी और 2 अन्य साथियों के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने के लिए जहरीले सांप का इस्तेमाल किया था। इस मर्डर मिस्ट्री के पीछे 20 लाख रुपए की बीमा राशि और अवैध प्रेम संबंध वजह बनकर सामने आए हैं।
पुलिस के मुताबिक भंडोरा गांव के रहने वाले 35 वर्षीय अतुल पंवार अपनी पत्नी दामिनी के साथ हस्तिनापुर में एक पब्लिक स्कूल चलाते थे। दोनों ने साल 2019 में प्रेम विवाह किया था। दामिनी ने अतुल को सांप काटने की बात कहकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया जबकि अतुल के बिस्तर से एक सांप भी बरामद हुआ था। हालांकि सांप के चादर के अंदर जाकर काटने की थ्योरी पुलिस के गले नहीं उतरी और शक होने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर तफ्तीश शुरू की गई।
दामिनी ने पहले दूध में मिलाई नींद की गोलियां और फिर बिस्तर में एक जहरीले सांप को छोड़ दिया। तकनीकी सर्विलांस और मोबाइल कॉल डिटेल्स खंगालने पर दामिनी का संबंध स्कूल के ड्राइवर तुषार उर्फ निक्की से मिला। सख्ती से पूछताछ में तुषार ने पूरा राज उगल दिया। उसने बताया कि रात को दामिनी ने अतुल को दूध में भारी मात्रा में नींद की गोलियां दीं। जब अतुल गहरी नींद में सो गया, तो तुषार ने अपने 2 साथियों सोनू और उदय की मदद से सपेरों से खरीदा हुआ जहरीला सांप अतुल के कंबल में छोड़ दिया। सांप के डसने से अतुल की मौके पर ही मौत हो गई।
जांच में सामने आया कि अतुल के नाम 20 लाख रुपए का बीमा था। दामिनी और तुषार ने प्लान बनाया था कि अतुल की मौत के बाद बीमे की रकम हड़प लेंगे और बाद में शादी कर लेंगे। इस काम में मदद के बदले दोनों साथियों को 5 लाख रुपए देने का वादा किया गया था। यही नहीं, करीब 20 दिन पहले भी तुषार ने अतुल को अर्टिगा कार से कुचलने की कोशिश की थी, लेकिन हेलमेट की वजह से अतुल बच गया था। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के फोन से सांप की तस्वीरें बरामद कर ली हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।