Sunday, 6 September 2026
दिल्ली के सत्य निकेतन में बड़ा हादसा - मचा हड़कंप  बारिश के बीच चार मंजिला इमारत भरभराकर गिरी

दिल्ली के सत्य निकेतन में बड़ा हादसा - मचा हड़कंप बारिश के बीच चार मंजिला इमारत भरभराकर गिरी

दिल्ली के सत्य निकेतन में बड़ा हादसा - मचा हड़कंप

बारिश के बीच चार मंजिला इमारत भरभराकर गिरी

मलबे में दबे लोगों के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन

 एनडीआरएफ - पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर

नई दिल्ली - बी बी आई टी न्यूज 

राजधानी दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में  बारिश के बीच एक बड़ा हादसा हो गया। साउथ कैंपस थाना क्षेत्र में एक चार मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे के समय इमारत में कई लोग मौजूद थे और कुछ लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई गई। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान दमकल और पुलिस कर्मियों ने 6 लोगों को सुरक्षित मलबे से बाहर निकाल लिया, जबकि अन्य लोगों की तलाश जारी रही। घटना की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाएं भी घटनास्थल पर मौजूद रहीं।

बताया गया कि दमकल विभाग को दोपहर करीब 1:30 बजे नानकपुरा गुरुद्वारे के पास इमारत गिरने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल घटनास्थल पर पहुंच गया। स्थानीय लोग भी बचाव कार्य में पुलिस और दमकल कर्मियों की मदद करते दिखाई दिए।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, गिरने वाली इमारत में पीजी संचालित हो रहा था, जहां बड़ी संख्या में छात्र रहते थे। सत्य निकेतन दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस के नजदीक होने के कारण छात्रों के रहने के लिए प्रमुख इलाका माना जाता है। आसपास कई पीजी और छात्र आवास संचालित होते हैं। बताया जा रहा है कि आज रविवार होने की वजह से कई छात्र बिल्डिंग में बने पी जी में सो रहे थे।

स्थानीय लोगों के अनुसार, इमारत के आसपास काफी संख्या में छात्र और अन्य लोग रहते हैं। हालांकि, इमारत में हादसे के समय कुल कितने लोग मौजूद थे और कितने लोग मलबे में फंसे हैं, इसकी आधिकारिक पुष्टि रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही हो सकेगी।

बारिश के बीच हुए इस हादसे ने दिल्ली में पुरानी और जर्जर इमारतों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल इमारत गिरने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य के साथ-साथ हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Published on: 06 Sep 2026

Author Info

Ramesh Mahendru
editor@bigbossindiatoday.com
9592029111