Tuesday, 21 July 2026
त्रिपुरा के डीजीपी अनुराग धनखड़ का निधन

त्रिपुरा के डीजीपी अनुराग धनखड़ का निधन

त्रिपुरा के डीजीपी अनुराग धनखड़ का निधन

पुलिस मुख्यालय में मिले अचेत

प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका

अगरतला/बागपत  :- बिग बॉस इण्डिया टूडे न्यूज 

त्रिपुरा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अनुराग धनखड़ का निधन हो गया। वह पुलिस मुख्यालय में अचेत अवस्था में मिले, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक पुलिस जांच में आत्महत्या की आशंका व्यक्त की गई है। हालांकि, मामले की विस्तृत जांच जारी है और पुलिस तथा फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।

अनुराग धनखड़ 1994 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी थे और मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बागपत जनपद के बिहारीपुर गांव के निवासी थे। उन्होंने अपने लगभग तीन दशक लंबे सेवाकाल में अनेक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। वह संयुक्त राष्ट्र के कोसोवो शांति मिशन में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे तथा सीबीआई, सीआईएसएफ और त्रिपुरा पुलिस में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत रहे।

सीबीआई में उन्होंने पुलिस अधीक्षक (एसपी), डीआईजी, संयुक्त निदेशक तथा अतिरिक्त निदेशक जैसे अहम पदों पर कार्य किया। पंजाब नेशनल बैंक के लगभग 13 हजार करोड़ रुपये के घोटाले और नीरव मोदी से जुड़े हाई-प्रोफाइल मामलों की जांच में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अतिरिक्त, वह वर्ष 1984 के सिख विरोधी दंगों की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) के प्रमुख भी रहे थे।

अनुराग धनखड़ का जन्म और प्रारंभिक शिक्षा बागपत के बिहारीपुर गांव में हुई। उन्होंने गांव के प्राथमिक विद्यालय से पांचवीं तक की शिक्षा प्राप्त की और इसके बाद सरूरपुर खेडकी के इंटर कॉलेज से 12वीं तक की पढ़ाई पूरी की। बड़ौत के जनता वैदिक महाविद्यालय से उन्होंने बीएससी (कृषि) की डिग्री हासिल की। वर्ष 1988 में उन्होंने बैंक में फील्ड ऑफिसर के रूप में अपना करियर शुरू किया और नौकरी के साथ-साथ सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर वर्ष 1994 में आईपीएस के लिए चयनित हुए।

उनके परिवार में पत्नी कल्पना, पुत्र अभिषेक तथा दो भाई हैं। अभिषेक कनाडा में रहते हैं, जबकि बड़े भाई विवेक धनखड़ भारतीय वायुसेना से सेवानिवृत्त हैं और दिल्ली में निवास करते हैं। छोटे भाई रविराज धनखड़ बड़ौत में व्यवसाय करते हैं। अनुराग धनखड़ के निधन का समाचार मिलते ही उनके परिजन त्रिपुरा के लिए रवाना हो गए।

फिलहाल उनके निधन के कारणों को लेकर जांच जारी है। अधिकारियों ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही घटना के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। उनके निधन से पुलिस एवं प्रशासनिक जगत में शोक की लहर है।

Published on: 21 Jul 2026

Author Info

Ramesh Mahendru
editor@bigbossindiatoday.com
9592029111