प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से की भेंट
उत्तराखंड को प्रमुख फिल्म डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रदेश सरकार प्रयासरत
देहरादून - बिग बॉस इण्डिया टूडे न्यूज
देहरादून में प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट की। इस मुलाकात को उत्तराखंड में फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने तथा प्रदेश को देश के प्रमुख फिल्म डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने के प्रयासों के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
प्रदेश सरकार उत्तराखंड को फिल्म निर्माण के एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। सरकार का उद्देश्य राज्य में फिल्म उद्योग को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करना है।
उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक सुंदरता, मनमोहक पहाड़ियों, रमणीय पर्यटन स्थलों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के कारण फिल्म निर्माताओं के लिए आकर्षण का केंद्र बन रहा है। इसके साथ ही प्रदेश की अनुकूल फिल्म नीति भी फिल्म निर्माण से जुड़ी गतिविधियों को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
फिल्म उद्योग के विस्तार से प्रदेश में स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों, युवाओं, पर्यटन कारोबारियों और अन्य संबंधित क्षेत्रों को लाभ मिलने की संभावनाएं हैं। इससे राज्य की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने के साथ-साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सकता है।
उत्तराखंड सरकार का प्रयास है कि प्रदेश की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विशेषताओं का लाभ उठाकर इसे फिल्म निर्माण के क्षेत्र में एक सशक्त पहचान दिलाई जाए और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अधिक अवसर उपलब्ध कराए जाएं।