Monday, 31 August 2026
पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर भाजपा की चुनाव लड़ने की शुरू की तैयारी

पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर भाजपा की चुनाव लड़ने की शुरू की तैयारी

पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर भाजपा की चुनाव लड़ने की शुरू की तैयारी

अकाली दल के साथ भाजपा गठबंधन को लेकर सतीश पूनिया ने किया स्पष्ट रूख

चंडीगढ़ - बिग बॉस इण्डिया टूडे न्यूज

पंजाब भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया ने स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी वर्ष 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव में सभी 117 विधानसभा सीटों पर अपने दम और संगठन की ताकत के आधार पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्राथमिक लक्ष्य बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना है।

अकाली दल के साथ संभावित गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर सतीश पूनिया ने कहा कि वह भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के संदेश को स्पष्ट रूप से सामने रख रहे हैं। पार्टी पंजाब की सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी करेगी।

पूनिया ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके कार्यकर्ता हैं। पार्टी में यह सोच है कि काम के लिए कार्यकर्ता और कार्यकर्ताओं के लिए काम होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को किसी न किसी जिम्मेदारी से जोड़ा जाएगा तथा उसे पार्टी की मुख्यधारा में सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पार्टी में पद और चुनावी टिकट सीमित होते हैं, लेकिन जिन राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं, वहां कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान और उनकी भूमिका का पूरा ध्यान रखते हुए उन्हें जिम्मेदारियां देने का प्रयास किया जाता है।

प्रदेश प्रभारी ने कार्यकर्ताओं से अनुशासन में रहकर अपनी बात रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि भाजपा में विचार-विमर्श और अपनी बात रखने की पूरी गुंजाइश है, लेकिन संगठन की मर्यादा और अनुशासन की सीमा का उल्लंघन स्वीकार नहीं किया जा सकता।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी के अनुशासन के दायरे में रहते हुए अपने सुझाव दें और संगठन को मजबूत बनाने में योगदान करें।

डॉ. सतीश पूनिया ने कहा कि ‘मिशन पंजाब’ को पूरा करने के लिए पार्टी को कई मोर्चों पर लगातार काम करना होगा। संगठन में जहां सुधार की आवश्यकता होगी, वहां बदलाव किए जाएंगे और पूरी व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि संगठन की लगातार समीक्षा भाजपा की प्राथमिकताओं में शामिल है। बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन को मजबूत बनाकर आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी को तैयार किया जाएगा

Published on: 31 Aug 2026

Author Info

Ramesh Mahendru
editor@bigbossindiatoday.com
9592029111