Tuesday, 21 July 2026
पंचकूला में भीषण सड़क हादसा

पंचकूला में भीषण सड़क हादसा

पंचकूला में भीषण सड़क हादसा

तेज रफ्तार कार ने मचाई तबाही, कई लोग घायल

पंचकूला :- बिग बॉस इण्डिया टूडे न्यूज 

पंचकूला जिले में जीरकपुर-शिमला नेशनल हाईवे पर चंडीमंदिर लाइट प्वाइंट के समीप एक भीषण सड़क हादसा हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शिमला की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने पहले सामने से आ रही दूसरी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दूसरी कार अनियंत्रित होकर एक टेंपो ट्रैवलर से जा भिड़ी। इसी दौरान वहां से गुजर रहा एक मोटरसाइकिल सवार भी वाहनों की चपेट में आ गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को उपचार के लिए सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

कार सवार जगत राम ने बताया कि वह मोरनी से पंचकूला अपनी ड्यूटी पर जा रहे थे। तभी शिमला की ओर से तेज गति से आ रही कार ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि उनकी नई कार के एयरबैग खुल गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद तेज रफ्तार कार घूमकर कालका-शिमला हाईवे की ओर चली गई और वहां एक टेंपो ट्रैवलर को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान एक मोटरसाइकिल भी हादसे का शिकार होकर टेंपो ट्रैवलर के नीचे जा घुसी। टेंपो ट्रैवलर चालक ने बताया कि वह पंचकूला से नालागढ़ स्टाफ को लेकर जा रहे थे और उनकी नई गाड़ी भी इस हादसे में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने यह भी दावा किया कि शिमला की ओर से आ रही कार का चालक कथित रूप से नशे की हालत में था और उसके साथ कुछ युवतियां भी सवार थीं। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Published on: 21 Jul 2026

Author Info

Ramesh Mahendru
editor@bigbossindiatoday.com
9592029111