Friday, 4 September 2026
केन्या के राष्ट्रपति ने टाटा केमिकल्स को कारोबार समेटने का दिया आदेश

केन्या के राष्ट्रपति ने टाटा केमिकल्स को कारोबार समेटने का दिया आदेश

केन्या के राष्ट्रपति ने टाटा केमिकल्स को कारोबार समेटने का दिया आदेश

राष्ट्रपति विलियम रूतो बोले—कंपनी की मौजूदगी से केन्या को कोई खास फायदा नहीं, नई कंपनियों को दिया जाएगा अवसर

नैरोबी/नई दिल्ली - बी बी आई टी न्यूज 

केन्या के राष्ट्रपति विलियम रूतो ने भारत की टाटा केमिकल्स को केन्या में अपना कारोबार समेटने का निर्देश दिया है। राष्ट्रपति ने कंपनी की मौजूदगी और स्थानीय स्तर पर उसके योगदान को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि लंबे समय से संचालन के बावजूद देश को अपेक्षित लाभ नहीं मिला है।

राष्ट्रपति रूतो ने काजियाडो क्षेत्र में एक कार्यक्रम के दौरान टाटा केमिकल्स की गतिविधियों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि कंपनी को क्षेत्र में उद्योग एवं रोजगार बढ़ाने के लिए अपेक्षित भूमिका निभानी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि कंपनी के पास लंबे समय का अनुबंध होने के बावजूद काजियाडो में कोई बड़ी फैक्ट्री स्थापित नहीं की गई।

राष्ट्रपति ने कहा कि सरकार का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर औद्योगिक विकास, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है। उन्होंने संकेत दिया कि टाटा केमिकल्स के स्थान पर नई कंपनियों को अवसर दिया जाएगा, ताकि क्षेत्र में बड़े औद्योगिक संयंत्र स्थापित हो सकें।

राष्ट्रपति रूतो ने कहा कि टाटा कंपनी के पास काजियाडो में 100 वर्षों का अनुबंध था, लेकिन इसके बावजूद वहां अपेक्षित औद्योगिक निवेश नहीं हुआ। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या केन्या दूसरे लोगों के हितों के लिए काम करने वाला देश बना रहे।

उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ऐसी कंपनियों को प्रोत्साहित करेगी जो केन्या में निवेश करें, उत्पादन बढ़ाएं और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा करें।

मामला टाटा केमिकल्स की मगाडी सोडा यूनिट से भी जुड़ा है। जुलाई के अंत में टाटा की ओर से कहा गया था कि केन्या सरकार ने उसकी यूनिट को मगाडी सोडा फैक्ट्री में अपना कारोबार और सोडा ऐश के निर्यात को निलंबित करने का आदेश दिया था।

राष्ट्रपति के बयान के बाद टाटा केमिकल्स की ओर से इस मामले पर आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।

केन्या के राष्ट्रपति के इस रुख से भारत और केन्या के कारोबारी संबंधों तथा वहां भारतीय कंपनियों के निवेश को लेकर चर्चा तेज हो गई है। टाटा समूह की वैश्विक उपस्थिति को देखते हुए इस घटनाक्रम पर कारोबारी जगत की भी नजर है।

Published on: 04 Sep 2026

Author Info

Ramesh Mahendru
editor@bigbossindiatoday.com
9592029111