Tuesday, 21 July 2026
जम्मू-कश्मीर में राज्य का दर्जा बहाल करना भाजपा की प्रतिबद्धता ● उचित समय पर लिया जाएगा निर्णय  - सुनील शर्मा

जम्मू-कश्मीर में राज्य का दर्जा बहाल करना भाजपा की प्रतिबद्धता ● उचित समय पर लिया जाएगा निर्णय  - सुनील शर्मा

जम्मू-कश्मीर में राज्य का दर्जा बहाल करना भाजपा की प्रतिबद्धता

उचित समय पर लिया जाएगा निर्णय  - सुनील शर्मा

जम्मू-कश्मीर :- बिग बॉस इण्डिया टूडे न्यूज 

जम्मू-कश्मीर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा ने कहा है कि अब्दुल्ला परिवार को जम्मू-कश्मीर में शाही जीवन बिताने के लिए राज्य का दर्जा चाहिए। इस परिवार को जनता से कुछ लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल करना भारतीय जनता पार्टी के एजेंडे का हिस्सा रहा है और इसे उचित समय आने पर पूरा किया जाएगा।

श्रीनगर में मीडिया से बातचीत करते हुए सुनील शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला द्वारा राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग उनके निजी हितों से प्रेरित है। उन्होंने आरोप लगाया कि अगस्त 2019 में हुए संवैधानिक बदलावों के बाद अब्दुल्ला परिवार की शाही जीवनशैली प्रभावित हुई है, जिसकी उन्हें आदत रही है। इसी कारण वे राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य का दर्जा बहाल करने का भाजपा का वादा किसी राजनीतिक परिवार के लिए नहीं, बल्कि जम्मू-कश्मीर की जनता के लिए किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि नेशनल कॉन्फ्रेंस अपनी प्रशासनिक विफलताओं और चुनावी वादों को पूरा न कर पाने से जनता का ध्यान हटाने के लिए इस मुद्दे को उठा रही है।

सुनील शर्मा ने कहा कि वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव से पहले किए गए बिजली, पानी, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े वादे अब तक पूरे नहीं हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उमर सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है।

कानून-व्यवस्था और सुरक्षा के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि आतंकवाद का पूरी तरह खात्मा होने तथा सुरक्षा स्थिति पूरी तरह सामान्य होने तक कानून-व्यवस्था का नियंत्रण केंद्र सरकार के पास ही रहना चाहिए। उनका दावा है कि केंद्र सरकार के नियंत्रण में स्थानीय आतंकवादियों की भर्ती और नागरिकों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं में कमी आई है।

भाजपा नेता ने दोहराया कि जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल करना भाजपा की प्रतिबद्धता है, लेकिन इस संबंध में निर्णय राष्ट्रीय हित और सुरक्षा परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए उचित समय पर ही लिया जाएगा।

Published on: 21 Jul 2026

Author Info

Ramesh Mahendru
editor@bigbossindiatoday.com
9592029111