Wednesday, 22 July 2026
जालंधर पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़  डबल मर्डर केस का आरोपी घायल

जालंधर पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ डबल मर्डर केस का आरोपी घायल

जालंधर पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़

डबल मर्डर केस का आरोपी घायल

जालंधर  :- एस एन एन 

पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के तिलक नगर में एक माह पूर्व हुए चर्चित डबल मर्डर मामले में फरार चल रहे आरोपी की पुलिस के साथ मुठभेड़ हो गई। इस दौरान आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

गौरतलब है कि लगभग एक माह पहले तिलक नगर में 24 वर्षीय सिमरनजीत सिंह और 23 वर्षीय सौरभ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सिमरनजीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि सौरभ ने निजी अस्पताल में उपचार के दौरान अगले दिन दम तोड़ दिया था।

मृतकों के परिजनों ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया था कि घटना के दिन आरोपी गुल्लू और उसके साथी पहले से घात लगाकर बैठे हुए थे। उन्होंने अस्पताल जा रहे दोनों युवकों को रास्ते में रोक लिया और उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी।

पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह, डीसीपी मनप्रीत सिंह ढिल्लों तथा एडीसीपी-2 राकेश यादव ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि डबल मर्डर मामले का मुख्य आरोपी गुल्लू पिछले एक महीने से फरार चल रहा था। पुलिस ने नाखा वाले बाग के पास नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान बाइक पर सवार गुल्लू वहां पहुंचा।

पुलिस कर्मियों द्वारा रुकने का इशारा किए जाने पर आरोपी ने नाका तोड़ने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें आरोपी गुल्लू घायल हो गया। उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी गुल्लू का संबंध गैंगस्टर जोगा फौजीवाल गिरोह से बताया जा रहा है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है तथा आरोपी के अन्य साथियों की तलाश में भी छापेमारी जारी है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Published on: 22 Jul 2026

Author Info

Ramesh Mahendru
editor@bigbossindiatoday.com
9592029111