जालन्धर नगर निगम ने शुरू किया 10 दिवसीय स्वच्छता अभियान
कैबिनेट मंत्री महेन्द्र भगत, मेयर विनीत धीर सहित अधिकारियों ने नकोदर चौक में झाड़ू लगाकर की अभियान की शुरुआत
शहरवासियों से यह भी आग्रह किया गया कि वे स्वयं सड़कों पर कूड़ा न फेंकें और यदि कोई अन्य व्यक्ति गंदगी फैलाता है तो उसे विनम्रता से समझाएं कि “यह मेरा शहर है, कृपया गंदगी न फैलाएं
जालन्धर, नूपुर महेन्द्रू
जालन्धर शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के उद्देश्य से नगर-निगम जालन्धर द्वारा 10 दिवसीय स्वच्छता अभियान की शुरुआत की गई। अभियान का शुभारंभ नकोदर चौक (बाबा भीमराव अम्बेडकर चौक) में पंजाब के कैबिनेट मंत्री महेन्द्र भगत, नगर-निगम जालन्धर के मेयर विनीत धीर, जालन्धर केन्द्रीय विधानसभा क्षेत्र प्रभारी नितिन कोहली, डिप्टी कमिश्नर जालन्धर वरजीत वालिया तथा नगर-निगम की टीम ने झाड़ू लगाकर किया।
इस अवसर पर अधिकारियों एवं नगर-निगम कर्मचारियों ने स्वयं सफाई अभियान में भाग लेकर शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। अभियान के दौरान लोगों को अपने घर, आसपास के क्षेत्र, गली एवं मोहल्ले को साफ रखने का संदेश दिया गया।
अधिकारियों ने शहरवासियों से अपील की कि घरों से निकलने वाले सूखे एवं गीले कूड़े को अलग-अलग रखा जाए। दुकानदारों से अपनी दुकानों के बाहर अथवा अंदर डस्टबीन रखने तथा कूड़ा सड़क पर न फेंकने की अपील की गई।
शहरवासियों से यह भी आग्रह किया गया कि वे स्वयं सड़कों पर कूड़ा न फेंकें और यदि कोई अन्य व्यक्ति गंदगी फैलाता है तो उसे विनम्रता से समझाएं कि “यह मेरा शहर है, कृपया गंदगी न फैलाएं।”
जालन्धर केन्द्रीय विधानसभा क्षेत्र प्रभारी नितिन कोहली ने कहा कि स्वच्छ शहर केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी जिम्मेदारी है। उन्होंने शहरवासियों से अभियान में सहयोग करने और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।
पंजाब के कैबिनेट मंत्री महेन्द्र भगत ने कहा कि स्वच्छता को जन-अभियान बनाने की आवश्यकता है। जब प्रशासन के साथ आम नागरिक भी अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे, तभी शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है। उन्होंने लोगों से स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की।
डिप्टी कमिश्नर जालन्धर वरजीत वालिया ने कहा कि स्वच्छता का सीधा संबंध लोगों के स्वास्थ्य और शहर के बेहतर वातावरण से है। उन्होंने नागरिकों से गीले एवं सूखे कचरे को अलग रखने तथा सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फेंकने की अपील की।
नगर-निगम जालन्धर के मेयर विनीत धीर ने कहा कि नगर निगम शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। 10 दिवसीय अभियान के दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता को लेकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जालन्धर को स्वच्छ रखने में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
अभियान के माध्यम से शहरवासियों को संदेश दिया गया कि “स्वच्छता ही स्वस्थता है।”
स्वच्छ रहो • स्वस्थ रहो • प्रसन्न रहो