Monday, 7 September 2026
गुरप्रीत सिंह सेखों आम आदमी पार्ट में शामिल,नाभा जेल ब्रेक से जुड़ा रहा नाम

गुरप्रीत सिंह सेखों आम आदमी पार्ट में शामिल,नाभा जेल ब्रेक से जुड़ा रहा नाम

पंजाब की राजनीतिक में अहम समाचार 

गुरप्रीत सिंह सेखों आम आदमी पार्ट में शामिल,नाभा जेल ब्रेक से जुड़ा रहा नाम

मुख्यमंत्री भगवंत मान की मौजूदगी में ली पार्टी की सदस्यता

चणडीगढ़/ जीरा - बी बी आई टी डेस्क 

पंजाब में जीरा के गुरप्रीत सिंह सेखों मुख्यमंत्री भगवंत मान की मौजूदगी में आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। नाभा जेल ब्रेक मामले से जुड़े रहे सेखों को अदालत से 10 साल की सजा मिल चुकी है। सेखों अपने समर्थकों की बड़ी मौजूदगी के बीच हुई उनकी आप में एंट्री ने जीरा की सियासत में नए राजनीतिक समीकरणों की चर्चा तेज कर दी है।

सेखों को पार्टी में शामिल करवाने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान खुद जीरा पहुंचे। इस दौरान आयोजित जनसभा में उनके समर्थकों और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही। समर्थकों ने सेखों और आप के समर्थन में जमकर नारेबाजी की, जिसके चलते कार्यक्रम ने बड़े राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन का रूप ले लिया।

गुरप्रीत सिंह सेखों की आप में एंट्री इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि उनका अतीत कई आपराधिक मामलों से जुड़ा रहा है। उपलब्ध पुलिस एवं अदालत संबंधी रिकॉर्ड के मुताबिक, उनके खिलाफ अलग-अलग समय में 47 आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं। हालांकि, किसी व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज होना और अदालत से दोषी साबित होना अलग-अलग बातें हैं। नाभा जेल ब्रेक मामले में अदालत से उन्हें सजा भी मिल चुकी है।

गुरप्रीत सिंह सेखों का नाम नवंबर 2016 के चर्चित नाभा जेल ब्रेक कांड में प्रमुख साजिशकर्ताओं में सामने आया था। इस मामले में पटियाला अदालत ने बाद में उन्हें 10 साल की सजा सुनाई थी। पुलिस ने फरवरी 2017 में सेखों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद नवंबर 2023 में वह जमानत पर जेल से बाहर आए। उनके खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं से जुड़े मामलों का रिकॉर्ड भी बताया गया है।

गुरप्रीत सिंह सेखों का परिवार भी इलाके की राजनीति और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहा है। उनकी पत्नी सहित परिवार से जुड़ी अन्य महिला सदस्य स्थानीय जिला परिषद चुनाव जीत चुकी हैं। इसी वजह से सेखों की राजनीतिक सक्रियता को केवल व्यक्तिगत राजनीतिक कदम के तौर पर नहीं देखा जा रहा, बल्कि इसे इलाके में उनके परिवार के प्रभाव और समर्थक आधार से भी जोड़कर देखा जा रहा है।

पिछले कुछ समय से गुरप्रीत सिंह सेखों के आम आदमी पार्टी की ओर झुकाव की चर्चा राजनीतिक गलियारों में थी। उनके समर्थकों की सक्रियता का असर नगर निकाय राजनीति में भी देखने को मिला।

बताया जाता है कि तलवंडी भाई नगर कौंसिल, मुदकी और ममदोट नगर पंचायतों में आप समर्थित उम्मीदवारों के प्रधान बनने के पीछे भी सेखों के समर्थन और राजनीतिक प्रभाव की चर्चा रही है।

जीरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गुरप्रीत सिंह सेखों का आम आदमी पार्टी में स्वागत किया। हालांकि, पार्टी में शामिल किए जाने के दौरान उन्हें फिलहाल कोई संगठनात्मक या सरकारी पद नहीं दिया गया है।

कार्यक्रम में जीरा के विधायक नरेश कटारिया सहित स्थानीय आम आदमी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।गुरप्रीत सिंह सेखों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी की जमकर तारीफ की। उन्होंने सरकार की नीतियों और कामकाज का समर्थन करते हुए पार्टी के साथ सक्रिय रूप से काम करने का संकेत दिया।

जीरा की राजनीति में गुरप्रीत सिंह सेखों की आम आदमी पार्टी में एंट्री को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले बनने वाले नए राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Published on: 07 Sep 2026

Author Info

Ramesh Mahendru
editor@bigbossindiatoday.com
9592029111