बिहार- समस्तीपुर, विदेशी शराब सहित सुन्दरी गिरफ्तार
स्वतन्त्रता सेनानी एक्सप्रेस के एसी 1 कोच से 75 लीटर शराब बरामद
रेलवे पुलिस ने शुरू की तस्करी नेटवर्क की जांच
समस्तीपुर - बिग बॉस इण्डिया टूडे न्यूज
बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब की तस्करी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। तस्कर शराब को बिहार पहुंचाने के लिए लगातार नए-नए तरीके अपना रहे हैं। इसी कड़ी में समस्तीपुर रेल पुलिस ने स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के एसी-1 कोच से करीब 75 लीटर विदेशी शराब बरामद कर एक युवती समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
रेलवे पुलिस के अनुसार स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के समस्तीपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-5 पर पहुंचने के दौरान रेलवे पुलिस यात्रियों और उनके सामान की जांच कर रही थी। इसी दौरान ट्रेन के एच-1 कोच की बर्थ नंबर-7 पर सवार यात्रियों के सामान की तलाशी ली गई।तलाशी के दौरान दो यात्रियों के दो सूटकेस से करीब 75 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब जब्त करने के साथ ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किये गए आरोपियों की पहचान नेहा कुमारी, निवासी सिंघिया थाना क्षेत्र, समस्तीपुर तथा इशान कुमार, निवासी करनाल, हरियाणा के रूप में हुई है।
रेलवे पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे बिहार में किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। साथ ही इस पूरे मामले के पीछे सक्रिय शराब तस्करी के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
पुलिस की कार्रवाई के बाद रेलवे प्लेटफॉर्म पर यात्रियों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान कुछ लोगों ने कार्रवाई के वीडियो और तस्वीरें भी अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किए जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे।
जीआरपी थानाध्यक्ष बलबीर राय ने बताया कि बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है और दोनों आरोपियों के खिलाफ शराब तस्करी से संबंधित प्रावधानों के तहत नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
रेलवे थाना पुलिस का कहना है कि ट्रेनों के माध्यम से शराब की तस्करी रोकने के लिए लगातार जांच एवं निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अब इस मामले में आगे की कड़ियां जोड़ने और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है।